
हैदराबाद: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ए वेंकैया नायडू ने आज प्रधानमंत्री के इस दावे की आलोचना की कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार की उपलब्धियों पर वह गर्व कर सकते है।
प्रधानमंत्री ने कल दिल्ली में कहा था कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार की उपलब्धियों पर वह गर्व कर सकते हैं। नायडू ने कहा कि उनकी सरकार का नौ वर्षो के रेकार्ड विफलता का रेकार्ड रहा है और इस पर गर्व करने लायक कोई बात नहीं है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि डालर के मुकाबले रुपए की कीमत अपने निचले स्तर पर है। विकास दर पांच प्रतिशत पर आ गई है। चालू खाते में वित्तीय घाटा बढ़ रहा है और निवेशकों का विश्वास डिग गया है। नक्सली तथा माओवादी हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। कालाधन विदेशों से वापस लाने और कीमतों की वृद्धि रोकने के ठोस उपाय नहीं किए जा रहे है। जनता सरकार से ऊब चुकी है और वह उसे सबक सिखाना चाहती है।
