
नई दिल्ली। डीयू में दाखिले की उम्मीद लगाए बैठे छात्रों के लिए राहत की खबर है। डीयू प्रशासन ने अब नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 24 जुलाई के एक दिन पहले ही 23 जुलाई को आठवीं कट ऑफ निकालने का निर्णय लिया है। प्रशासन का मानना है कि कई कॉलेजों में एससी-एसटी और ओबीसी समेत कुछ कॉलेजों में सामान्य वर्ग की सीटें भी खाली पड़ी है। जिन्हें हर हाल में 31 जुलाई से पहले भरना जरूरी है। दिल्ली विश्वविद्यालय में 31 जुलाई के बाद किसी भी सूरत में कोई दाखिला नहीं होगा। आठवीं कट ऑफ निकालने के संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। इस बार हैरानी की बात यह है कि सामान्य वर्ग की सीटों को भी भरने के लिए आठवीं लिस्ट निकालनी पड़ रही है। कॉलेजों को यह सुनिश्चित करना होगा कि एससी-एसटी और ओबीसी कैटेगरी की सीटों पर इन्हीं कैटेगरी के छात्रों को दाखिला मिले। इन सीटों पर दाखिले के लिए कॉलेज न्यूनतम निर्धारित स्तर तक कट ऑफ घटा सकते हैं।
आठवीं लिस्ट के आधार पर 23, 24 और 25 जुलाई दाखिले को होंगे। इसके बाद 26 जुलाई को एससी की खाली सीटों को एसटी में परिवर्तित कर दिया जाएगा। यदि एसटी कैटेगरी की सीट खाली रहती है तो एससी में परिवर्तित हो जाएंगी। इसके आधार पर दाखिले 26, 27, और 28 जुलाई को सुबह नौ बजे से एक बजे तक होंगे जबकि सांध्य कॉलेजों में एडमिशन शाम चार बजे से सात बजे तक होंगे। रजिस्ट्रार अलका शर्मा ने कॉलेजों को साफ किया है कि आठवीं कट ऑफ 22 जुलाई को शाम चार बजे तक रजिस्ट्रार कार्यालय में पहुंच जानी चाहिए। उल्लेखनीय है कि बीते तीन-चार सालों से डीयू में यही हो रहा है कि ओबीसी सीटों के मुकाबले में कॉलेजों को छात्र नहीं मिलते हैं और सीटें खाली रह जाती हैं। बीते साल तो ओबीसी की सीटें भरने के लिए 10 कट ऑफ तक निकालनी पड़ी थी। इस बार तो एससी-एसटी कैटेगरी की सीटें भी खाली हैं। ऐसे में कट ऑफ निकाले जाने का सिलसिला जारी है।
