ज्वेलर की कार से तीन लाख के गहने चोरी

पुलिस मुख्यालय के पास बाइक सवार बदमाशज्वेलर की कार का शीशा तोड़कर तीन लाख के जेवरात और दस हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना 17 जुलाई की है।

पुलिस ज्वेलर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार रोहिणी इलाके में रहने वाले सिद्धार्थ का करोलबाग में ज्वेलरी का शोरूम है।

17 जुलाई को वह जेवरात की डिलीवरी करने के लिए प्रीत विहार जा रहा था। पुलिस मुख्यालय के पास दीनदयाल उपाध्याय रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने उसे कार रोकने के लिए कहा। कार रोकने पर युवकों ने बताया कि उसने एक युवती को टक्कर मार दी है।

सिद्धार्थ कार को लॉक कर पैदल ही उस महिला के पास पहुंचा। महिला ने कार से टच होने की बात कही और अपने परिचित के साथ बाइक पर बैठकर चली गई। इसके बाद जब सिद्धार्थ कार के पास पहुंचा तो उसे गाड़ी का शीशा टूटा हुआ मिला। कार में रखा जेवरात व रुपये वाला बैग गायब था। उसने पुलिस को सूचना दी।

Related posts