
धर्मपुर (मंडी)। 108 एंबुलेंस पिछले चार दिन से टायर पंचर होने की वजह से खड़ी है। इस पर कोई कार्रवाई न तो स्वास्थ्य विभाग कर रहा है और न ही 108 एंबुलेंस सेवा को संचालित करने वाली कंपनी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में करीब 25 पंचायतों के लोग स्वास्थ्य सुविधा के लिए आते हैं। 108 एंबुलेंस यहां के मरीजों के लिए सुविधा प्रदान करती है। पिछले चार दिनों से यह कार्य नहीं कर रही है और लोगों को भारी परेशानी का सामना उठाना पड़ रहा है। मरीज निजी वाहन करके अस्पताल पहुंच रहे हैं। इस बारे में स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी डा. अरविंद चोपड़ा का कहना है कि 108 एंबुलेंस उनके कार्य क्षेत्र में नहीं आती है। इस बारे में 108 को सूचित कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि पूरे मामले की छानबीन करेंगे कि यह गाड़ी पिछले चार दिन से क्यों नहीं चल रही है और इस गाड़ी का टायर पिछले चार दिन से क्यों नहीं बदला गया। इसकी भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए सरकार वचनबद्ध है।
