एक माह में बहाल होंगे टीडी अधिकार

गैहरा (चंबा)। खुंदेल पंचायत स्थित वेल्ज हाइड्रो पावर हाउस दुनाली में वन महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने सबसे पहले पांच मेगावाट के हाइड्रो प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। इसके बाद देवदार, और चीड़ के पौधे रोपकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जंगलों में 68.40 करोड़ रुपये से विभिन्न किस्मों के पौधे रोपे जाएंगे। इसके अलावा एक माह के भीतर टीडी अधिकार बहाल कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला तथा उपमंडल स्तर पर बालन और इमारती लकड़ी के डिपो खोले जाएंगे। जिला चंबा में 2,436 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में वन संपदा फै ली हुई है। सभी वर्गों का दायित्व बनता है कि वे पौधरोपण में अपना सहयोग दें और प्रत्येक नागरिक कम से कम 10 पेड़ लगाए। उन्होंने कहा कि वन विभाग की नर्सरी में भौगोलिक स्थिति के अनुरूप लाखों की संख्या में पौधे तैयार कर मुफ्त में वितरित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक उचित स्थान पर पौधा रोपकर अपनी नाम पट्टिका भी लगा सकता है। उन्होंने कहा कि सेब की प्लांटेशन के लिए बागवानों को आर्थिक तंगी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब बैंकों से बागवानों को इसके लिए मनचाहा ऋण मिलेगा। नाबार्ड के तहत अगले पांच वर्षों में 31 हजार 729 एकड़ भूमि पर सेब की नई प्लांटेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 160 लाख पौधे लगाने के लिए एक लाख 61 हजार 120 रुपये का ऋण मिलेगा। इस अवसर पर एसडीएम बचन सिंह, आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता आरसी कपूर, विद्युत बोर्ड के एक्सईएन एमएल शर्मा, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर, जगदीश चौधरी और दिनेश शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सीनियर सेकेंडरी स्कूल गैहरा की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वन मंत्री ने छात्राओं को अपनी ओर से 2100 रुपये इनाम दिया ।

Related posts