
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। नगर पंचायत देहरा में लोगों को तीन दिन से पेयजल नहीं मिल रहा है। इससे लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन से नलों से एक बूंद तक नहीं टपकने से लोगों ने कुओं का रुख करना शुरू कर रिुदया है। इस समय देहरा के लोग पूरी तरह से कुओं पर निर्भर हैं। दुकानदारों और खरीददारी करने आए लोगों को भी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय अनिल कुमार, सुधीर शर्मा, गुलशन कुमार, संजय शर्मा, माधव भाटिया, अमित कुमार, विजय कुमार, विवेक, खट्टू वालिया, नीटू वालिया आदि का कहना है कि शहर में पिछले तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। पेयजल के लिए वे पूरी तरह से कुओं पर निर्भर हैं। लेकिन बारिश के मौसम में कुएं का पानी पीना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्होंने आईपीएच अधिकारियों से मांग की है कि पेयजल सप्लाई तुरंत बहाल की जाए। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत देहरा में पेयजल की कमी का कारण नकेड़ खड्ड में तेज बहाव के कारण बिजली बोर्ड के करीब पांच खंभे बह गए और पेयजल योजना में पानी को लिफ्ट करने के लिए लगी मोटर को बिजली सप्लाई नहीं हो पा रही है। इसके चलते शहर में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ गई है।
नपं उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, पार्षद संजय शर्मा और स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार और आईपीएच विभाग से मांग की है कि शहर के लिए एक और वैकल्पिक पेयजल योजना तैयार की जाए या दूसरी पेयजल योजना से शहर को जोड़ा जाए।
क्या कहते हैं अधिकारी
विद्युत बोर्ड उपमंडल देहरा के एसडीओ सीएस चावला का कहना है कि कर्मचारी बिजली आपूर्ति सुचारु करने में जुटे हुए हैं। उम्मीद है कि शुक्रवार देर शाम या शनिवार को बिजली आपूर्ति स्कीम के लिए शुरू हो जाएगी। उधर, आईपीएच विभाग उपमंडल देहरा के एसडीओ आरसी वर्मा ने बताया कि नकेड़ खड्ड में तेज बहाव के कारण बिजली के करीब पांच-छह खंभे बह गए हैं और विद्युत आपूर्ति ठप है। विद्युत आपूर्ति सुचारु होते ही शहर को पेयजल सप्लाई शुरू हो जाएगी।
