केसीसी बैंक पाइसा के ताले टूटे

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। केसीसी बैंक की शाखा पाइसा में वीरवार रात चोरी की बड़ी घटना टल गई। हालांकि, चोर बैंक के शटर और लोहे के गेट पर लगे ताले को तोड़कर अंदर घुस गए और चोरी का प्रयास किया। चोर स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए, लेकिन उसे तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार करीब छह बजे पाइसा बाजार से गुजर रहे लोगों ने देखा कि केसीसी बैंक की शाखा के शटर और लोहे के गेट पर लगे ताले टूटे हुए हैं। लोगों को समझते देर नहीं लगी कि बैंक में चोरी की वारदात हुई है। लोगों ने इसकी जानकारी तुरंत शाखा प्रबंधक को दी। शाखा प्रबंधक ने देहरा पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चोरों ने सबसे पहले शटर को तोड़ा, उसके बाद लोहे के गेट पर लगे ताले को तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने बैंक के अंदर बने स्ट्रांग रूम को तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन, वह इसमें सफल नहीं हो पाए। उसके बाद चोरों ने स्ट्रांग रूम की चाबी ढूंढने के मकसद से बैंक के कई दराजों को खंगाला। लेकिन उन्हें चाबी नहीं मिली। ऐसे में चोर बैंक से राशि चुराने में नाकाम रहे।
माना जा रहा है कि इस वारदात को दो से अधिक लोगों ने अंजाम दिया है। क्योंकि एक चोर इस वारदात को अंजाम नहीं दे सकता। केसीसी बैंक के एजीएम सरोज कुमार ने कहा कि वारदात की शिकायत पुलिस में कर दी गई है। चोर बैंक से राशि नहीं चुरा पाए हैं। डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts