मणिकर्ण-बरशैणी सड़क को 7 करोड़

कुल्लू। धार्मिक नगरी मणिकर्ण की बरशैणी-मणिकर्ण सड़क सात करोड़ से पक्की होगी। एनएचपीसी के बैनर तले कार्य कर रही पटेल इंजीनियर कंपनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गई है। सड़क का निर्माण एनएचपीसी के तहत हुआ है। 15 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर टायरिंग और मैटलिंग करने के लिए कंपनी ने एस्टिमेट तैयार कर लिया है।
सड़क चकाचक होेने से दो पंचायतें के मणिकर्ण, शांगणा, क्याणी, लपास, बलारगा, राशकड़, ऊच, शिल्हा, टाहुक, बरशैणी, पुलका, तुलका, नकथाण, तोष और कालगा गांवों के सैकड़ों ग्रामीण लाभान्वित होंगे। लोगों को जहां बरसात में कीचड़ की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा वहीं पक्की सड़क के चलते सफर भी सुहाना हो जाएगा। मणिकर्ण पंचायत के प्रधान ठाकर चंद, बरशैणी पंचायत के प्रधान पूर्ण चंद, मणिकर्ण से सुनील दत्त, श्याम दत्त, लपास, धर्मा देवी वार्ड पंच, राशकड़ डोले राम वार्ड, ऊच से सुंदर सिंह, शिल्हा से तुलसी देवी वार्ड पंच, टाहुक से सुरेंद्र कुमार और बरशैणी से शेर सिंह ने बरशैणी-मणिकर्ण सड़क पर मैटलिंग और टायरिंग कार्य के लिए मंजूरी देने पर एनएचपीसी और पटेल इंजीनियरिंग कंपनी के फैसले का स्वागत किया है। इस सड़क की खस्ता हालत को लेकर बरशैणी और मणिकर्ण पंचायत के प्रधान एनएचपीसी कंपनी से मुलाकात की थी।
22 से आरंभ होगा काम : संदीप मोला
पटेल कंपनी के अतिरिक्त उपाध्यक्ष संदीप मोला ने बताया कि 22 जुलाई से मैटलिंग और टायरिंग का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इस कार्य पर सात करोड़ के करीब धन राशि खर्च की जाएगी।

Related posts