क्या हादसे के इंतजार में है विद्युत बोर्ड

कुल्लू। …क्या विद्युत बोर्ड किसी बडे़ हादसे के इंतजार में है? जिला मुख्यालय कुल्लू मेें मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार के बाहर बिजली की नंगी तारों के मकड़जाल को देखकर लोग यही सवाल उठा रहे हैं। मिनी सचिवालय परिसर में इन दिनों पार्किंग कार्य का कार्य चल रहा है। ऐसे में हादसे की आशंका अधिक है।
लोगों का कहना है कि इस बारे कई बार विद्युत बोर्ड को बताया गया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब इन नंगी तारों का खतरा और भी बढ़ गया है। जमीन से मात्र तीन से चार फुट की ऊंचाई पर झूल रही इन नंगी तारों की चपेट में सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी भी आ सकते हैं। यहां रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में तारों को जनहित में जल्द दुरुस्त करवाना जरूरी है। शहर में लावारिस घूमने वाले पशु और अन्य जानवर भी इसकी जद में आ सकते हैं।
मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार के पास लटकी बिजली की नंगी तारें मिनी सचिवालय के लिए खतरा बन गई हैं। खास कर रात के वक्त किसी जानवर के यहां आने और गुजरने से तारों के इस जाल से बिजली सार्पिंग का भी खतरा रहता है। मिनी सचिवालय में डेढ़ दर्जन के आसपास विभाग हैं। यहां तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार के बाहर खंभे में लटकी इन तारों को हर वक्त डर लगा रहता है। नाम न छापने की शर्त पर मिनी सचिवालय के कई अधिकारियों और कर्मियों ने कहा कि इस बारे में कई बार विद्युत बोर्ड को अवगत करवाया गया लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। 100 मीटर की दूरी पर बिजली बोर्ड का कार्यालय होने से इसी रास्ते से बिजली बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों का अकसर आना-जाना लगा रहता है। बावजूद इसके इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विद्युत बोर्ड कुल्लू के अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर ने कहा कि उनके ध्यान में मामला नहीं है। अगर कहीं तारें नंगी लटकी हैं, तो इसे चेक किया जाएगा और हालात को बेहतर करेंगे।

Related posts