
ऊना। जलग्रां क्षेत्र में फर्जीवाड़ा करके 36 मरले जमीन का सौदा कर दिया गया। भूखंड की रजिस्ट्री करके बाकायदा इसका मालिकाना हक भी बदल दिया गया। हैरानी वाली बात यह है कि तहसील में रजिस्ट्री के दौरान किसी अन्य क्षेत्र के दो लंबरदारों को बुलाकर सारा काम निपटाया गया। जलग्रां निवासी संजीव कुमार पुत्र नानक चंद ने एसपी को शिकायत पत्र सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। एसपी केसी शर्मा ने शिकायत पत्र के आधार पर सदर थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। संजीव कुमार ने एसपी को बताया कि उसकी जलग्रां में जमीन है। कु छ लोगों ने फर्जीवाड़ा करके उसकी 36 मरले जमीन बेच डाली। धोखाधड़ी करके जमीन बेचने वालों और खरीदारों ने मिलकर लाखों रुपये का गोलमाल कर दिया है। संजीव कुमार ने शिकायत पत्र में जमीन के खरीदारों और बेचने वालों समेत तहसीलदार, पटवारी, दो लंबरदारों, वसीका नवीस सहित नौ लोगों को दोषी ठहराया है। संजीव ने बताया कि जिस जमीन का सौदा हुआ है, वह राजस्व रिकार्ड के मुताबिक उनकी है तथा उक्त लोगों ने फर्जीवाड़ा करके इसे बेच दिया है। एसपी केसी शर्मा ने शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि सदर थाना पुलिस को मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने कहा कि मामला दर्ज करके पूरे प्रकरण की बारीकी से छानबीन की जाएगी।
