
रामपुर बुशहर। यहां की दरकाली पंचायत के मराला गांव में जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने महिला पर गोली दाग दी। हालांकि, घटना में महिला को नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद करने के साथ ही बंदूक भी अपने कब्जे में ले ली है। आरोपी शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मराला गांव निवासी नेकराम ने इसी गांव की सनौरू देवी पर गोली चला दी। वीरवार शाम लगभग छह बजे जब महिला रसोईघर से स्टोर रूम की तरफ जा रही थी तो आरोपी ने अपने घर के बरामदे से उस पर बंदूक से गोली चला दी। हालांकि, गोली महिला को लगी नहीं। गोली महिला के पास से गुजर कर निकल गई। एक गोली चलाने के बाद आरोपी दूसरी बार फायर करने की तैयारी में था, लेकिन इस बीच उसके भाई ने आकर उसे गोली चलाने से रोक लिया। बताया जाता है कि आरोपी ने जमीनी विवाद के चलते महिला के ऊपर गोली चलाई। बुधवार को इसी विवाद को लेकर उनमें झगड़ा भी हुआ था। एसडीपीओ सुनील नेगी ने महिला पर गोली चलाने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मौके से खाली कारतूस बरामद कर लिया गया है और बंदूक भी जब्त कर ली गई है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी और महिला के परिवार के बीच जमीनी विवाद है। इसी के चलते आरोपी ने ऐसा किया। उन्होंने कहा कि आरोपी दूसरी बार महिला पर फायर कर रहा था, लेकिन उसके भाई ने बचाव करते हुए उस रोक लिया
