
बिलासपुर। अंशकालीन जलवाहक व दैनिक भोगी एवं सेवादार कर्मचारी संघ बिलासपुर ने मांग की है कि 10 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके जलवाहक व दैनिक भोगियों को नियमित किया जाए। संघ का कहना है कि अन्य विभागों में आठ साल का कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
अंशकालीन जलवाहक व दैनिक भोगी एवं सेवादार कर्मचारी संघ बिलासपुर ने जिला प्रधान राकेश कुमार की अगुवाई में शिक्षा उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा प्रीतम सिंह ढटवालिया से मुलाकात की। इस दौरान संघ ने गृह रक्षा विभाग से रात्रि ड्यूटी के लिए स्कूलों में सेवाएं देने का जो पत्र भेजा गया है, उसका विरोध किया। जिला प्रधान राकेश कुमार ने कहा कि अंशकालीन जलवाहक व दैनिक भोगी करीब दस साल से नियमित अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अपनी समस्याओं को लेकर संघ का राज्य स्तरीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी मिल चुका है। उन्होंने भी जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। उधर, वीरवार को संघ का प्रतिनिधिमंडल सदर विधायक बंबर ठाकुर से भी मिला। विधायक ने भी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान महासचिव श्यामलाल, प्रेस सचिव छबील दास, महासचिव मीना देवी, उपप्रधान निर्मला देवी, कोषाध्यक्ष शीला देवी, सचिव काकू दीन, सलाहकार श्याम लाल, महालेखाकार राजकुमार, कार्यालय प्रधान विकास कुमार, कांता देवी, जगत राम, राजकुमार, मनोहर लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
