दो महीने से लापता महिला बरामद

बिलासपुर। दो महीने पहले सात महीने के बच्चे के साथ गायब हुई महिला मिल गई है। बिलासपुर शहर की इस महिला को पांवटा साहिब से बरामद किया गया है। जिसे जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने परिजनों के हवाले किया। इस मामले में एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
लगभग दो महीने पहले महिला के पति ने सदर थाना में महिला के अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज करवाया था। उसने रिपोर्ट में कहा था कि उसकी पत्नी अपने मायके पालमपुर से घर वापस आ रही थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। उन्होंने उसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। महिला के मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर उसे पांवटा साहिब के समीप होने की जानकारी मिली। सदर से पुलिस की एक टीम मौके पर रवाना हुई और उसे किराये के कमरे से बरामद कर लिया। पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उसे अगवा करने वाले युवक राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

Related posts