
रामपुर बुशहर। आबकारी एवं कराधान विभाग और पुलिस दल ने शराब माफिया के विरुद्ध छेड़े अभियान के तहत ननखड़ी के बेलू गांव में चार पेटियां शराब की बरामद कीं। दो पेटियां एचआरटीसी की बस और दो बोलेरो गाड़ी में मिलीं। अवैध शराब के मामले में तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। आबकारी एवं कराधान विभाग रामपुर के निरीक्षक नूतन ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस थाना रामपुर के एएसआई रमेश चंद, आरक्षी विनोद और विभाग के कर्मचारी हीरा लाल ने गुप्त सूचना के आधार पर बेलू गांव के पास नाका लगाया था। इस दौरान सूरढबंगला जा रही परिवहन निगम की बस को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस में दो सीटों पर शराब की दो पेटियां मिलीं। इसी तरह विभाग और पुलिस दल ने इसी गांव के पास एक बोलेरो गाड़ी से भी शराब की दो पेटियां बरामद कीं। आबकारी एवं कराधान विभाग के निरीक्षक नूतन ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध शराब के इस मामले में दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में इन तीनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
