ब्लास्टिंग में पत्थर लगने से महिला घायल

पौड़ी। थलीसैण ब्लाक में नैनीधार के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान की गई ब्लास्टिंग के पत्थर की चपेट में आने से जल्लू गांव निवासी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में थलीसैण के अस्पताल ले जाया गया और वहां से पौड़ी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जाकर एनएच के अधिकारियों का घेराव किया।
थलीसैण के एसडीएम जीआर बिनवाल ने बताया कि बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नैनीधार के समीप निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिएपत्थर तोड़ने को ब्लास्टिंग भी की जा रही है। बुधवार को देर शाम की गई ब्लास्टिंग से एक पत्थर उछलकर निर्माण स्थल से कुछ दूर खेत में काम कर रही जल्लू गांव निवासी 55 वर्षीय बूथा देवी पत्नी बचन सिंह के सिर पर जा लगा।
जिससे बूथा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे थलीसैण अस्पताल से पौड़ी जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को मौके पर ही घेरा हुआ है। देर रात तक घेराव जारी था ।एसडीएम ग्रामीणों से बात करने के लिए मौके पर रवाना हो गए थे।

Related posts