सड़क की बदहाली को लेकर छात्र भी मुखर

लोहाघाट। डिग्री कॉलेज को जोड़ने वाले मार्ग की बदहाली को लेकर अब छात्र मुखर हो गए हैं। बाड़ीगाड़ के पास सड़क एक पखवाडे़ पूर्व ही क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन लोनिवि के इस ओर कोई ध्यान न दिए जाने से इसका खामियाजा छात्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रायनगर चौड़ी, कोयाटी गल्लागांव, डैंसली, गंगनौला, भुमलाई, ईड़ाकोट आदि गांवों को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग है।
इस संबंध में बुधवार को छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप ढेक, सुनील सुतेड़ी, नीरज सिंह, व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव राय, रोहन देव, पंकज ढेक, मोनू माहरा, उमेश जोशी, कमल किशोर, धीरज राय, प्रदीप राय आदि ने सहायक अभियंता हेमराज खेड़ा से मिलकर आक्रोश जताया। कहा इन दिनों महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई है। दूरदराज क्षेत्रों से छात्र प्रवेश के लिए आ रहे हैं। उधर देवीधार महोत्सव आयोजन समिति ने भी लोनिवि के अधिकारियों पर अकर्मण्यता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क को ऐसे समय में खराब कर दिया है, जब 18 जुलाई से पांच दिनी महोत्सव शुरू होने वाला है।

Related posts