पीएसी सुरक्षा में ढहाया जाएगा अतिक्रमण

काशीपुर। अतिक्रमण हटाने के दौरान आक्रोशित लोगों का गुस्सा झेल रहे प्रशासन ने अब पीएसी की मदद लेने की सोची है। सब कुछ ठीक रहा तो बृहस्पतिवार से पीएसी की मौजूदगी में अवैध निर्माण ढहाए जाएंगे। उधर कार्रवाई की रिपोर्ट सीडी और फोटो के माध्यम से हाईकोर्ट में जिला प्रशासन के माध्यम से पेश करने की तैयारी चल रही है।
नगर निगम सूत्रों के मुताबिक अतिक्रमण हटाने के दौरान तमाम लोगों को यह शिकायत थी कि उन्हें कोई नोटिस ही नहीं मिला। इस दौरान उन्हें लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ रहा था। जबकि हाईकोर्ट के आदेश के बाद तत्कालीन एसडीएम पीसी दुम्का ने न सिर्फ नोटिस जारी किए बल्कि सुनवाई के बाद बेदखली नोटिस भी भेजा। बावजूद इसके एक माह बाद लोगों ने अपना अवैध निर्माण नहीं हटाया। जिस पर कार्रवाई शुरू हो गई। ऐसे में लोगों को समझाना-बुझाना अभियान में जुटे अधिकारियों व कर्मचारियों को भारी पड़ रहा है। सूत्रों के मुताबिक बृहस्पतिवार से पीएसी की मौजूदगी में अवैध निर्माण ढहाए जाएंगे। इस दौरान स्थानीय फोर्स भी पीएसी की मदद के लिए मौजूद रहेगी। वहीं आला प्रशासनिक अधिकारियों के भी अभियान में शामिल होने की सूचना है।

Related posts