
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) के बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय इंटर कालेज द्वारसों में छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डा. बिरेंद्र सिंह रौतेला ने बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों के बारे में बताया और बीमारियों से बचने के लिए सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। स्कूल के 249 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गई।
स्वास्थ्य टीम ने बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और हाथ धोकर भोजन करने, उबला पानी पीने, नाखून काटने, हरी सब्जियों का सेवन करने की सलाह दी। इसके अलावा टूथब्रश के इस्तेमाल की सही तकनीक बताई और प्रतिदिन दो बार दांत साफ करने को कहा। डा. रौतेला ने बच्चों को बताया कि बासी भोजन और अशुद्ध पानी के सेवन से पीलिया, डायरिया, टाइफाइड जैसे रोगों की संभावना रहती है। परीक्षण के उपरांत छह बच्चों को जिला अस्पताल अल्मोड़ा में उपचार कराने के लिए रेफर किया गया। फार्मेसिस्ट पारस तुलेरा ने दवाएं बांटी और कमजोर बच्चों के हिमोग्लोबिन की जांच की। इस मौके पर प्रधानाचार्य एमजे शेरिंग, ग्राम प्रधान हरीश बिष्ट, डीएन लोहनी, कैलाश नैनवाल, कमलेश सिराड़ी, प्रवीण अधिकारी, आशीष अग्रवाल, वीपी सिंह, विजय मेहता, जीवन आर्या आदि उपस्थित थे।
