यूजीसी से सरकाघाट कालेज को बी ग्रेड

सरकाघाट (मंडी)। यूजीसी की ग्रेडिंग प्रणाली में इस बार सरकाघाट कालेज को बी ग्रेड का दर्जा मिला है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद ने गत अप्रैल माह में सरकाघाट कालेज का निरीक्षण किया था। पहले इस कालेज को यूजीसी से सी ग्रेड का दर्जा प्राप्त था। सरकाघाट कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर आरसी कौशल ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के इस स्वायत्त संस्थान ने सरकाघाट महाविद्यालय को भवन के स्वच्छ एवं उचित रखरखाव, पुस्तकालय में उच्च कोटी की पुस्तकों के संग्रह, विज्ञान की आधुनिकतम प्रयोगशालाएं, शैक्षणिक स्तर पर अच्छे शिक्षा परिणाम, महाविद्यालय प्रवक्ताआें की राष्ट्रीय स्तर पर शोध उपलब्धि, अनुशासन, क्रीड़ा क्षेत्र में उपलब्धि, सांस्कृतिक गतिविधियां तथा एनसीसी कैडेट्स की उल्लेखनीय उपलब्धियों के दृष्टिगत सभी बिंदुओं पर मूल्यांकन करके कालेज को बी ग्रेड दिया है। इस उपलब्धि के साथ कालेज करोड़ों की राशि का हकदार बन गया है। प्राचार्य प्रो. आरसी कौशल ने बताया कि इस मूल्यांकन से आगामी 5 वर्षों तक महाविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से प्रति वर्ष एक करोड़ की राशि प्रदान की जाएगी। उन्हाेंने महाविद्यालय की इस उपलब्धि के लिए छात्रों, अभिभावकों और प्राध्यापकों को बधाई दी है।

Related posts