चेतराम बने मिल्कफेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर

मंडी। मिल्कफेड के डायरेक्टर के चुनाव में आखिर पूर्व चेयरमैन चेतराम ठाकुर ने बाजी मार ही ली। बुधवार को सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं कार्यालय में हुए चुनाव में चेतराम ने अपने प्रतिद्वंद्वी सिद्धूराम को पराजित किया। जिले की 35 सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों ने चुनाव में हिस्सा लिया। जिसमें से 28 मत चेतराम के पक्ष में पड़े। जबकि 7 मत सिद्धूराम को मिले। इस जीत के साथ ही चेतराम अब मिल्कफेड के चेयरमैन की दौड़ में शामिल हो गए हैं। मिल्कफेड के चेयरमैन का चुनाव पहली बार बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के माध्यम से किया जाएगा। इससे पूर्व इस पद पर सरकार की ओर से मनोनयन किया जाता रहा है। चेतराम के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर बनने का मिल्क फेड कर्मचारी महासंघ और अधिकारियों ने स्वागत किया है। मिल्कफेड कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर वैद्य, जिला अध्यक्ष मित्रदेव, मिल्क प्लांट चक्कर के प्रबंधक कुबेर ठाकुर और राकेश पाठक ने भी चेतराम को बधाई दी है। कहा कि चेतराम ठाकुर पूर्व में भी मिल्कफेड के चेयरमैन रहे हैं। उनका अनुभव मिल्कफेड को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा।

Related posts