
सरकाघाट (मंडी)। बरसात आफत बनकर बरस रही है। इससे लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। मंगलवार रात्रि हुई बारिश ने क्षेत्र की सजाओपिपलू पंचायत के पीपली गांव में तबाही मचाई। बारिश से गांव के किसानों की कई बीघा उपजाऊ भूमि बह गई है। इस बीच खेतों में खड़ी फसलें भी तबाह हो गई हैं। बारिश से शीला देवी तथा जगदीश चंद के मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय निवासी मनोहर लाल, केहर सिंह, मनोज कुमार, भाग सिंह, कृष्ण चंद, मेहर चंद, कमला देवी एवं कृष्णा ने बताया कि मंगलवार रात मूसलाधार बारिश से कई बीघा भूमि में खड़ी धान, मक्की तथा अन्य नगदी फसलें तबाह हो गई हैं। लोगाें ने भू संरक्षण विभाग तथा प्रशासन से प्रभावितों को उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की गुहार लगाई है। उधर, एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने बताया कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों को प्रभावित गांव भेजकर बारिश से हुई क्षति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
भाषा अध्यापक संघ की राज्यस्तरीय बैठक 20 को
सरकाघाट (मंडी)। टेट उत्तीर्ण भाषा अध्यापक संघ की राज्यस्तरीय बैठक 20 जुलाई को वमापा सरकाघाट में होगी। संघ की प्रदेशाध्यक्ष राजकुमारी ने बताया कि इस बैठक में टेट उत्तीर्ण भाषा अध्यापकों की विभिन्न मांगों पर विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी टेट पास अध्यापकाें से आग्रह किया है कि बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं।
