
भरमौर (चंबा)। परियोजना सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि 30 करोड़ 30 लाख रुपये चालू वित्त वर्ष के दौरान जनजातीय क्षेत्र भरमौर में विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों पर व्यय करने का प्रावधान किया गया है। इससे उपमंडल भरमौर में विकास कार्यों को गति मिलेगी। वन मंत्री ने भरमौर के प्रशासनिक अधिकारियों को प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए हैं। बैठक के दौरान वन मंत्री ने प्राइमरी स्कूल खुंड के निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
इसके अलावा मांडो गांव से चौबिया गांव तक नई विद्युत लाइन बिछाने हेतु विद्युत बोर्ड को विभागीय औपचारिकताएं आरंभ करने के निर्देश जारी किए हैं। बागवानों एवं किसानों को आधुनिक तकनीक एवं अन्य उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए विभागीय अधिकारी ने बैठक में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के दौरान 1 करोड़ 6 लाख रुपयों का प्रावधान किया गया है। इससे किसानों व बागवानों को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इस मौके पर वन मंत्री ने सभी विभागों को प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप बजट व्यय सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए। इसके अलावा वन मंत्री ने विद्युत परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में जुटी विभिन्न एजेंसियों व ठेकेदारों द्वारा मलबे को तय स्थान पर नहीं फेंकने पर स्थानीय प्रशासन, पुलिस व वन विभाग को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
इंसेट………
चिकित्सा शिविर का किया शुभारंभ
भरमौर (चंबा)। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने एफआरयू भरमौर में एक दिवसीय चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया। इसमें स्त्री विशेषज्ञ, आंख व कान, औषधी व शिशु रोग विशेषज्ञ ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस चिकित्सा शिविर में मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। इस अवसर पर भजन सिंह ठाकुर, शुभकरन, कमलेश ठाकु र, ब्रह्मानंद और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
