
कांगड़ा। गगल क्षेत्र में बुधवार शाम एक महिला ने खुद जहर खाने के बाद बेटी को भी जहर दे दिया। नाजुक हालत में दोनों को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा लाया। जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि बेटी का इलाज टांडा अस्पताल में चल रहा है। महिला की मौत होने के कारण उसका बयान नहीं लिया जा सका है। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को दे दिया है। बेटी टांडा अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामला गगल चौकी के साथ लगते एक गांव का है। थाना प्रभारी कांगड़ा महिंद्र सिंह मिन्हास के अनुसार रछयालु गांव निवासी 45 वर्षीय महिला ने खुद जहरीला पदार्थ खाने के बाद अपनी 13 वर्षीय बेटी को भी जहर दे दिया। जहरीला पदार्थ खाने की बात पता चलने पर उसके परिजन दोनों को उपचार के लिए डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा ले गए। पुलिस के अनुसार महिला की मौत उपचार के दौरान हो गई और वह पुलिस को बयान नहीं दे पाई। उसकी बेटी का इलाज टांडा मे चल रहा है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
रेलवे स्लीपर प्लेट चुराता एक काबू
पपरोला (कांगड़ा)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बीती शाम बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन पर नाकेबंदी के दौरान एक व्यक्ति को लोहे की रेल स्लीपर प्लेट चुराते रंगे हाथों पकड़ा है। आरपीएफ के एएसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार निवासी गांव लाहड़ू तहसील जयसिंहपुर बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन पर रेल ट्रैक से स्लीपर प्लेट चुराकर ले जा रहा था, जिसे हिरासत में लेकर आज बैजनाथ कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में धर्मशाला जेल भेज दिया गया।
