
चंपावत। एसडीएम डा.अभिषेक त्रिपाठी के निर्देशन में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस की टीम को मंगलवार को उस समय कामयाबी मिली, जब बिना सेलटैक्स चुकाए विभिन्न प्रकार के सामान से लदे तीन ट्रकों को पकड़ा गया। पुलिस की ओर से मामले की जानकारी वाणिज्य कर विभाग को दिए जाने के बाद टनकपुर से पहुंची सेलटैक्स विभाग की टीम ने तीनों ट्रकों को अपने कब्जे में ले लिया है। सेलटैक्स की चोरी का निर्धारण वाणिज्य कर विभाग की ओर से किया जा रहा है।
राजस्व और पुलिस विभाग की ओर से मंगलवार को वाहनों की सामान्य चेकिंग के दौरान सेलटैक्स चुकाए बिना तीन वाहनों संख्या यूके 04 सीए 5147, यूए 05-0138 तथा यूके 04 सीए 0879 को हिरासत में लिया गया। तीनों ही वाहनों में परचून से संबंधित सामान लदा था। पुलिस की सूचना पर टनकपुर के वाणिज्य कर अधिकारी जीएस मर्तोलिया के नेतृत्व तीनों ही वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया गया। इस अभियान में कोतवाली की एसएसआई मंजू पांडेय, तहसीलदार एके सिंह, पटवारी शंकर लाल वर्मा आदि शामिल रहे।
