हारवर्ड की तरह पंतनगर पहचान बनाए : जैन

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि विवि के कुलपति आलोक कुमार जैन ने कहा कि शिक्षकों को ऐसी शिक्षा प्रणाली अपनाना चाहिए, जिससे हमारे विद्यार्थी विश्व प्रतिस्पर्द्धा में खड़े हो सकें। उन्होंने कहा कि जिस तरह हारवर्ड यूनिवर्सिटी एक ब्रांड के रूप में पहचानी जाती है उसी तरह पंतनगर ब्रांड भी लोकप्रिय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विवि को ऊंचाइयों पर ले जाने और शिक्षा, शोध एवं प्रसार कार्यक्रमों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अधिकारियों से अगले पांच साल की कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी। कुलपति जैन अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हमारे ग्राहक हैं। वे विवि में उच्च एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षा हासिल करने आते हैं। इसलिए हमें शिक्षा के उच्च मानकों का पालन करते हुए विद्यार्थियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए। कुलपति ने कहा कि शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों के खाली पड़े पदों पर भर्तियां कराई जाएंगी। टूटी फूटी सड़कों और जीर्ण शीर्ण भवनों की मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने 240 दिन तक काम कर चुके कर्मियों को नियमित करने और ठेका कर्मियों की समस्याओं के समाधान की बात भी कही।

Related posts