
अल्मोड़ा। शीतलाखेत के निकट गैलोली मटेला गांव में बीते दिनों एक तेंदुए ने घर के भीतर खाना बना रहे एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। तेंदुए ने आंख पर पंजा मारा जिससे व्यक्ति की एक आंख पूरी तरह खराब हो गई है। उसे तत्काल हल्द्वानी ले जाया गया। वहां से डाक्टरों ने उसे इलाज के लिए दिल्ली भेज दिया।
गैरोली मटेला गांव निवासी दयाल सिंह बिष्ट सोमवार रात करीब नौ बजे घर पर खाना बना रहे थे। इस बीच एक तेंदुआ घर के भीतर घुस आया और दयाल सिंह पर झपट गया। तेंदुए ने दयाल सिंह के आंख पर पंजा मार दिया जिससे आंख पूरी तरह फट गई। दयाल सिंह और अन्य लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भाग खड़ा हुआ।
इसके बाद दयाल सिंह को रात में ही गंभीर हालत में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में ले जाया गया। वहां से डाक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। दयाल सिंह की पत्नी सरिता बिष्ट ने प्रभागीय वनाधिकारी को पत्र लिखकर बताया है कि उसके पति का दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा है। सरिता बिष्ट ने बताया है कि उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब है। उन्होंने वन विभाग से पति के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
