जिले को 6127 सोलर लाइटें मंजूर

मंडी। राष्ट्रीय जवाहर लाल नेहरू सौर ऊर्जा मिशन के अंतर्गत प्रथम चरण में जिला मंडी से भेजी गई 74 प्रपोजल को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत पूरे जिले में 6127 सोलर लाइटें जल्द लगाई जाएंगी। हिम ऊर्जा की ओर से जिन लाभार्थियों की प्रपोजल स्वीकृत हुई है, उन्हें पत्र जारी कर धनराशि जमा करवाने को कहा गया, ताकि निदेशालय के पास धनराशि जमा होने के बाद सोलर लाइटें आवंटित की जा सकें। केंद्र सरकार की ओर से बिजली की खपत कम करने के साथ ही हर घर को बिजली मुहैया करवाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय जवाहर लाल नेहरू सौर ऊर्जा मिशन शुरू किया गया। इस योजना के तहत जिला मंडी के लिए प्रथम चरण में 6127 सोलर लाइटें स्वीकृत हुई हैं। जिससे जिले के कई गांव दूधिया रोशनी से जगमगाएंगे।
हिम ऊर्जा के परियोजना अधिकारी हितेश कपूर ने बताया कि जवाहर लाल नेहरू सौर ऊर्जा मिशन के तहत प्रथम चरण में 74 प्रपोजल स्वीकृत हुए हैं। इसके तहत 6127 सोलर लाइटें लगाई जानी हैं। जिन लोगों के प्रपोजल मंजूर हुए हैं, उन्हें पत्र जारी कर शीघ्र ही धनराशि जमा करवाने को कहा गया है। इस मिशन के तहत सरकारी क्षेत्र में लगने वाली सोलर लाइटों पर 90 प्रतिशत की सब्सिडी है। जबकि व्यक्तिगत और स्वयं सेवी संस्थाओं के लिए 30 प्रतिशत की सब्सिडी है। जिला मंडी से सोलर लाइटें लगाने के लिए काफी प्रपोजल केंद्र सरकार को भेजी गई हैं, लेकिन प्रथम चरण में 74 प्रपोजल के तहत 6127 सोलर लाइटें ही मंजूर हुई हैं। लाभार्थियों की ओर से धनराशि जमा करवाने के बाद निदेशालय की ओर से सोलर लाइटें भेजी जाएंगी।

Related posts