दहेज की बलि चढ़ गई प्रोमिला!

भराड़ी (बिलासपुर)। गतवाड़ पंचायत के लेठवीं गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मृत्यु हो गई। रविवार सुबह बेटी की मृत्यु बारे पता चलने पर उसके मायके से दर्जनों लोग लेठवीं पहुंच गए। बेटी की मौत से भड़के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज की बलि चढ़ा दिया गया। उन्हाेंने बेटी की मौत के लिए पति व उसकी दादी को कसूरवार ठहराया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो उठा।
जानकारी के अनुसार लेठवीं के राजेश कुमार का विवाह बीते वर्ष अप्रैल में जांगला की प्रोमिला (20) के साथ हुआ था। राजेश के पिता अमर सिंह चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी भी उनके साथ चंडीगढ़ में ही रहती है। पति राजेश तथा उसकी दादी सनैहरू देवी के साथ प्रोमिला लेठवीं में रहती थी। रविवार सुबह प्रोमिला की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई। पता चलते ही मायके से दर्जनों लोग लेठवीं में बेटी के ससुराल पहुंच गए। उन्हाेंने ससुरालियों पर बेटी को मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। इस बीच सूचना मिलने पर भराड़ी थाना से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
प्रोमिला की मां रोशनी देवी ने कहा कि शादी के बाद से उसका पति राजेश तथा दादी सनैहरू देवी उसे दहेज के लिए ताने मारते रहते थे। इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। वहीं, आरोपी सनैहरू देवी ने कहा कि रात को प्रोमिला ने पेट दर्द की शिकायत की थी। इस पर उसने हल्दी की एक चुटकी उसे पानी के साथ दी थी। घुमारवीं में काम करने वाला उसका पति राजेश रात करीब आठ बजे घर पहुंचा था। मृतका के परिजनाें की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति व दादी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Related posts