आरपीएफ पेपर लीक मामले में एक और धरा

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने आरपीएफ कांस्टेबल परीक्षा पेपर लीक मामले में एक और आरोपी को दबोचा है। उसकी पहचान जयकिशन के रूप में हुई है। 30 जून को गिरफ्तार आरोपी रॉबिन की निशानदेही पर मेरठ से जयकिशन की गिरफ्तारी हुई। अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि, 30 जून को आरपीएफ कांस्टेबल परीक्षा गोरखपुर पेपर लीक मामले में छह आरोपियों को दबोचा था। उसमें गिरफ्तार रॉबिन ने पुलिस को एसएमएस भेजने वाला नंबर दिया था। इस आधार पर पुलिस ने छह जुलाई को मेरठ में छापा मारकर जयकिशन को दबोच लिया। जयकिशन ने बताया कि, वह विकास के जरिये पश्चिम उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की परीक्षा में पेपर लीक कराने का धंधा करता था। रॉबिन ने उसे एसएससी की एक परीक्षा के लिए रुपये दिए थे, लेकिन किसी कारण वह पेपर मुहैया नहीं करा पाया। बाद में उसने रॉबिन से आरपीएफ परीक्षा में पेपर देने की बात की और पेपर मुहैया भी कराया। पुलिस विकास की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि शनिवार को अपराध शाखा ने पेपर लीक मामले में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मोहित को दबोचा था।

Related posts