गंगा फिर उफनाई, खतरे के निशान के करीब

हरिद्वार/पथरी। पर्वतीय इलाकों में लगातार बारिश से हरिद्वार में गंगा फिर उफान पर है। जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। जिसे देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। तटीय गांवों में मुनादी करवा कर ग्रामीणों को सतर्क कर दिया है।
जिला आपदा प्र्रबंधन के नोडल अधिकारी डा. नरेश चौधरी ने बताया कि रविवार शाम गंगा का जलस्तर 292.90 मीटर (खतरे का निशान 294 मीटर) रिकार्ड किया गया है। जलस्तर खतरे के निशान से महज एक मीटर नीचे है। डा. चौधरी ने बताया सुबह पर्वतीय क्षेत्र और हरिद्वार में भारी बारिश से जलस्तर बढ़ा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट भी जारी कर दिया है। पथरी क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी में पुलिस ने मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया। लगातार कटाव के चलते रविवार को बिशनपुर कुंडी और पुरानी कुंडी गांव के ग्रामीणों का रतजगा रहा।
इनसेट
गिरा तापमान
शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में रविवार तड़के झमाझम बारिश हुई है। एक घंटे की बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव हुआ है। बहादराबाद स्थित मौसम वैधशाला के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Related posts