गमगीन माहौल में महिला की अंत्येष्टि

भीमताल। ओखलकांडा ब्लाक के सुनकोट गांव में शनिवार शाम मलबे में दबने से मरी महिला के शव का कचलाकोट गांव में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। प्रशासन की ओर से दैवीय आपदा मुआवजे के रूप में मृतका के परिजनों को पांच लाख रुपये का चैक सौंप दिया है। उधर, गंभीर रूप से घायल हुई तीनों महिलाओं को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार शाम कचलाकोट निवासी निवासी माधवी देवी (45) पत्नी जगदीश सिंह बोरा, ममता देवी (28) पत्नी भरत सिंह, हेमा महरा (18) पुत्री रघुवर सिंह मेहरा और रीता बोरा (17) पुत्री हयात सिंह सुनकोट गांव से लौटते वक्त भूस्खलन की चपेट में आने से मलबे में दब गई थी।
ग्रामीणों ने ममता देवी, हेमा मेहरा और रीता बोरा को तो मलबे से जिंदा निकाल लिया गया, लेकिन माधवी देवी की मौत हो गई। देर रात माधवी देवी का शव मलबे से निकाला जा सका। जिलाधिकारी अरविंद सिंह हयांकी ने बताया कि मृतका माधवी देवी के शव के पोस्टमार्टम के लिए डाक्टरों की टीम अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र के साथ रविवार सुबह कचलाकोट गांव भेजी गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीनों महिलाओं को पद्मपुरी स्थित सीएचसी में प्राथमिक इलाज कराने के बाद एसटीएच हल्द्वानी में भर्ती कराया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को मुआवजे की धनराशि के रूप में पांच लाख का चेक सौंप दिया है। इस दौरान तहसीलदार दामोदर पांडे, पटवारी पद्मा दत्त बुधौड़ी, यशवंत सिंह, विधायक दान सिंह भंडारी, कांग्रेसी नेता राम सिंह कैड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोचन भट्ट, पूर्व प्रमुख प्रकाश बोरा, राम सिंह लमगड़िया आदि थे।

Related posts