
बद्दी (सोलन)। पुलिस महानिरीक्षक जीडी भार्गव (दक्षिण रेंज) ने बीबीएन में अपराध को रोकने तथा रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बीबीएन के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि बीबीएन पंजाब व हरियाणा राज्यों की सीमा से सटा होने के कारण यहां पर असामाजिक तत्वों को बोलबाला रहता है। उन्होंने एसपी को रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिए है। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निपटान तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को कहा है।
एसपी अरुल कुमार ने आईजी को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बीबीएन में नशा करके वाहन चलाने, तेज रफ्तारी व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ा है जिसमें पुलिस को सफलता मिली है। पिछले दो माह में दुर्घटनाओं का ग्राफ में कमी आई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने क्विक एक्शन के लिए बद्दी में तीन शिफ्टों में रिजर्व टीमों का गठन किया है जिसमें 9 पुलिस कर्मी हमेशा हथियारों से लैस तैयार रहेंगे। सूचना मिलते ही घटना स्थल की ओर रवाना हो जाएंगे। इससे अपराधियों को पकड़ने में पुलिस को सहायता मिलेगी।
इससे पूर्व आईजी ने नालागढ़, बद्दी व बरोटीवाला थानों का निरीक्षण करके वहां पर तैनात थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने थानों में जाकर रिकार्ड भी जांच की तथा स्टाफ को लंबित कार्य शीघ्र निपटाने के मौके पर ही आदेश दिए।
बैठक में एसपी अरुल कुमार, डीएसपी नरेंद्र कुमार, सुनील शर्मा उपस्थित रहे।
