चाकूबाज लुटेरों का मुख्य सरगना पुलिस ने दबोचा

बद्दी (सोलन)। बद्दी के नंदपुर में शराब के ठेके पर तैनात दो सेल्समैन समेत पांच लोगों को चाकू से जख्मी कर लूट के मामले में बद्दी पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। एसपी बद्दी ने आरोपी को पकड़ने के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया हुआ था। टीमें पिछले दो दिनों से नालागढ़ क्षेत्र में धरपकड़ कर रही थी लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा दे रहे थे।
एएसआई मनोज के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार को नालागढ़ के ब्राह्मण माजरा की खड्ड से विशेष अभियान के तहत मुख्य आरोपी खेड़ा निवासी श्याम सिंह व नगल पलासड़ा निवासी नीरज को दबोच लिया है। यह दोनों पुलिस के डर से खड्ड में छिपे हुए थे। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि 11 जुलाई की रात को करीब11 बजे नशे में धुत हो कर श्याम सिंह, नीरज, बलविंद्र व नरेंद्र दो बाइक पर सवार हो क र पहले नंद पुर में शराब का ठेका लूटा। वहां पर दो सेल्समैन को जख्मी किया। ठेके से नकदी चुराने के बाद बद्दी-र्साइं मार्ग पर धर्मपुर के समीप ड्यूटी से लौट रहे तीन कामगारों को चाकू की नौक पर लूटा। एक कामगार के पेट में चाकू घोंप दिया जिसे घायल अवस्था में पीजीआई में भर्ती कराया गया।
एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने सिक्का होटल के समीप नाका लगा दिया था। जैसे ही लुटेरे भटोली कलां से सिक्का होटल मार्ग पर पहुंचे तो पुलिस ने बलविंद्र व श्याम सिंह को दबोचने में सफलता प्राप्त कर ली थी। जबकि श्याम सिंह व नीरज अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गए थे। पुलिस ने इन दोनों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन कर पिछले दो दिनों से अभियान छेड़ा हुआ था जिसमें रविवार को पुलिस को सफलता मिल गई है। पुलिस आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश करेगी।

Related posts