जमीन समतल कराने के नाम पर अवैध खनन

बद्दी (सोलन)। बरोटीवाला में एक महिला की ओर से जमीन समतल करने के नाम पर अवैध खनन किया जा रहा था। बरोटीवाला पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एक ट्रक व पोपलेन को कब्जे में लिया है। इस मामले में लोगों ने पटवारी के भी मिलीभगत होने की शिकायत पर एसडीएम ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अगर पटवारी इसमें शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, दूसरी ओर एसडीएम यूनस के नेतृत्व में टीम ने सैनी माजरा के जुगातखाना में दबिश दी थी लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही खनन माफिया फरार हो गए हैं। उपमंडलाधिकारी यूनस ने बताया कि भटोली कलां से सूचना मिली कि एक महिला जमीन समतल कराने के परमिशन की आड़ में अवैध खनन कर रही है। महिला को ढाई फुट समतल करने की परमिशन है लेकिन मौके पर 8 फीट तक जमीन को खोदा गया है। इस पर बरोटीवाला पुलिस ने मौके पर लगी एक ट्रक व पोपलेन को कब्जे में ले लिया है। एसडीएम ने तहसीलदार बद्दी को निशानदेही करने को कहा है। अगर यह जमीन सरकार पाई जाती है तो महिला के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा। निजी होने पर मिनरल डेवलेपमेंट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि जुगातखाना में भी खनन माफियां ने जमीन में गहरे गड्ढे डाल दिए हैं जिसकी निशानदेही के लिए कहा गया है।

Related posts