बागवानों के मुनाफे पर बारिश भारी

करसोग (मंडी)। एप्पल वैली करसोग में सेब का सीजन चर्म पर है, लेकिन सेब की ढुलाई का मनमाफिक मूल्य बागवानों को रास नहीं आ रहा है। बागवानों को सेब ढुलाई के साथ ग्रेडिंग के लिए प्रति पेटी भारी भरकम दाम चुकाने पड़ रहे हैं। ऊपर से प्रति पेटी ढुलाई का खर्च अलग से बैठ रहा है। बागवानों ने ढुलाई तथा ग्रेडिंग के उचित मूल्य तय करने की मांग की है। एप्पल वैली में सेब की बंपर फसल तैयार है, लेकिन बरसात के चलते इस बार संपर्क सड़कें तथा मार्ग बंद हो जाने से बागवानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। आलम यह है कि कई ऊंचाई वाले बगीचों से किसानों को प्रति पेटी का खर्च 500 रुपये तक पड़ रहा है। ग्रेडिंग के लिए ही जहां प्रति पेटी 300 रुपये एवं इससे अधिक मूल्य चुकाने पड़ रहे हैं, इसके पश्चात 50-60 रुपये ढुलाई के लिए भी मजदूरों को अदा करने पड़ रहे हैं।
बागवान संघ करसोग के प्रधान मोती राम शर्मा, कमल, अर्जुन, जीवन, किशोरी, भूप सिंह आदि का कहना है कि सरकार ने सेब का समर्थन मूल्य तय किया है, लेकिन इस बार खर्च कहीं ज्यादा बैठ रहा है। इस बार ग्रेडिंग, ढुलाई तथा ट्रक भाड़ा भी बढ़ गया है। बागवान संघ का कहना है कि एक तो मजदूर नहीं मिल रहे, दूसरे जो मजदूर लगे हैं, वे मनमाफिक दाम ले रहे हैं। बागवानों ने समर्थन मूल्य की तरह ग्रेडिंग तथा ढुलाई का खर्च भी निर्धारित करने की मांग की है। इस बारे में एसडीएम करसोग विवेक चौहान का कहना है कि रेट बागवानों तथा ट्रक यूनियन के आपसी समझौते से ही तय हुए हैं। यह बात अलग है कि भारी बरसात से बागवानों को उत्पाद सड़काें तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त खर्च पड़ रहा है।

Related posts