25 रुपये किलो बिक रहा आलू

गोहर (मंडी)। गोहर उपमंडल से पड़ोसी राज्यों की सब्जी मंडियों में खरीफ सीजन का आलू निर्यात होना शुरू हो गया है। क्षेत्र के स्वादिष्ट आलू के अच्छे दाम मिलने से किसान गदगद हैं। किसानों को सीजन के आरंभ में ही 25 रुपये प्रति किलो आलू के दाम मिलना शुरू हो गए हैं। गत वर्ष की अपेक्षा इस बार के खरीफ सीजन में आलू झुलसा रोग से सुरक्षित है। जिससे इसके उत्पादन अधिक होने से किसानों के साथ कृषि महकमा भी खिला हुआ है।
पिछले साल झुलसा रोग लगने के कारण गोहर ब्लॉक में करोड़ों का आलू सड़ गया था। जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार क्षेत्र का आलू तरोताजा निकल रहा है। गोहर ब्लॉक में इस बार करीब 600 हेक्टेयर भू भाग में आलू की बिजाई की गई है। किसानों ने लाहुल में उत्पादित होने वाला प्रमाणित कुफरी ज्योति आलू को अपनी पहली पसंद बनाया है। क्षेत्र के मशोगल, घरोट, ब्राहोकड़ी, कुटाहची, पंडार, मुराहाग, देवीदहड़, जहल, धंग्यारा, सरयाच, कांढा बगस्याड़, शरण और आसपास के बर्फीले भू भागों में किसानों ने आलू की भारी मात्रा में खेती की है। क्षेत्र के किसानों सोहण सिंह ठाकुर, भूपेंद्र पाल, हीर सिंह ठाकुर, टेकेंद्र राणा, छांगू राम, निर्मल सिंह ठाकुर, नुर्मल सिंह, चौधरी राम, भवदेव ठाकुर और महेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार आलू की बंपर फसल के साथ इसके उम्दा दाम भी मिल रहे हैं। इधर, कृषि विषयवाद विशेषज्ञ गोहर जीत सिंह ने कहा है कि धूप खिलने के समय ही आलू को खेतों से निकालें। नमी में आलू को निकालने से बाजार में यह सिकुड़ जाता है। जिससे किसानों को इसके विक्रय में कठिनाई हो सकती है।

Related posts