हजारों की आबादी पेयजल को तरसी

टिहरा (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की करीब 40 हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। कांढापतन-अवाहदेवी पेयजल स्कीम करीब एक माह बाद भी बहाल नहीं हो सकी है। इससे 20 पंचायतों की आबादी प्रभावित है। दूसरी ओर विभाग अभी भी रटे रटाये जवाब देने में ही लगा है। करीब एक माह बाद भी योजना से सप्लाई बहाल न होने पर लोगों में विभाग के प्रति गहरा रोष है। यह पेयजल परियोजना कांडापतन से शुरू होती है। यहीं पर विभाग की ओर से पानी को लिफ्ट करने के लिए बिजली का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। करीब एक माह पूर्व बिजली का यह ट्रांसफार्मर फ्लड के साथ जमींदोज हो गया। इससे आईपीएच विभाग की पानी को लिफ्ट करने की प्रक्रिया रुक गई। हैरत की बात है कि एक माह होने को है, मगर विभाग सप्लाई बहाल नहीं करवा सका है। हजारों की आबादी पेयजल संकट से पिछले कई दिन से जूझ रही है। मगर अभी तक बिजली का ट्रांसफार्मर भी नहीं लग पाया है।
क्षेत्र के सुंदर सिंह, अर्जुन कुमार, मिल्खी राम, अश्वनी कुमार, मोहिंद्र कुमार, विजय कुमार, कमलजीत, सरला देवी, कश्मीरी देवी, नीला देवी, निर्मला कुमारी, अर्चना देवी, पार्वती, शीला देवी आदि का कहना है कि लोग बारिश का पानी इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। उक्त लोगाें ने इस समस्या से संबंधित दोनाें विभागों की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है। इस बारे में आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता बीएस राणा का कहना है कि कार्य को गति दी गई है। विद्युत बोर्ड की मदद ली जा रही है। उधर, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता वीडी शर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर के लिए प्लेट फार्म बना दिया गया है। शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Related posts