बरठीं बाजार में ट्रैफिक जाम हुआ आम

बरठीं (बिलासपुर)। बरठीं में यातायात व्यवस्था चरमराती जा रही है। न केवल दुकानों के आगे, बल्कि यातायात नियमों की अवहेलना करते हुए नो पार्किंग जोन में भी गाड़ियां खड़ी रहती हैं। ऐसे में ट्रैफिक जाम की नौबत अक्सर आ जाती है। इसके चलते स्थानीय लोगों व दुकानदारों के साथ ही बसों के इंतजार में खड़ी रहने वाली सवारियाें को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बरठीं के दुकानदारों तथा अन्य लोगों सतीश कुमार, अमित कुमार, दीपक, सुरेश, पवन कुमार, किशोरी लाल, राजेश कुमार, राजिंद्र पाल, अनीश कुमार, जितेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार व नवदीप आदि ने कहा कि कई लोग अपनी गाड़ियां दुकानों के आगे खड़ी कर देते हैं। कुछ जगहों पर नो पार्किंग के बोर्ड भी लगे हैं, लेकिन उनकी अनदेखी करते हुए उनके आगे भी वाहन खड़े रहते हैं। इससे बाजार में सड़क और भी अधिक तंग हो जाती है, जिससे अक्सर ट्रैफिक जाम की नौबत आ जाती है। साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार बरठीं बाजार में यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान भी तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद मुख्य चौक समेत बाजार में जगह-जगह वाहनाें को गलत ढंग से खड़ा किया जा रहा है, जो हैरान करने वाला पहलू है। विभाग को इससे कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस है। इससे महकमे की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्हाेंने समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग की है।

Related posts