
बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में हुई मूसलधार बारिश से नेशनल हाइवे को नुकसान पहुंचा है। बारिश से नेशनल हाइवे की टारिंग उखड़ गई है। नेशनल हाइवे के किनारे पानी की निकासी को बनी नालियां भी तहस-नहस हो गई है। इस वजह से यात्रियों विशेषकर मनाली की ओर जाने वाले सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खस्ताहालत के कारण दुर्घटनाओं का भी अंदेशा है।
मंडी डिवीजन के तहत पिछले माह नेशनल हाइवे को बारिश के कारण करीब 20 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा था। जुखाला सब डिवीजन के तहत हाइवे को 20 लाख का नुकसान पहुंचा। जुलाई से भी बारिश हुई है। इसके चलते भी हाइवे को नुकसान हुआ है। नेशनल हाइवे किनारे पानी की निकासी के लिए बनी नालियां भी रेत, बजरी, पत्थर से भरी हुई हैं। कई स्थानों पर तो नेशनल हाइवे से पानी गुजर रहा है। नेशनल हाइवे की टारिंग उखड़ने का खामियाजा स्थानीय जनता तथा पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। बहरहाल, नेशनल हाइवे अथारिटी जुलाई माह में एनएच को हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है ताकि विभागीय उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा सके।
नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया मंडी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुनील कपूर ने कहा कि डिवीजन के तहत बारिश से जून माह में नेशनल हाइवे को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जुलाई की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
