
बिलासपुर। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने जनवरी 2006 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की पेंशन विसंगति दूर करने के लिए सरकार द्वारा हाल ही में जारी आदेशों पर आपत्ति जताई है। संघ ने इन आदेशों को पंजाब की तर्ज पर जनवरी 2006 से लागू करने की मांग की है। संगठन ने गत जनवरी माह से 8 फीसदी महंगाई राहत देने की मांग की है।
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की सदर खंड इकाई के अध्यक्ष दौलतराम चौहान की अध्यक्षता में रविवार को विश्वकर्मा मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में कहा गया कि जनवरी 2006 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की पेंशन विसंगति दूर करने के लिए गत 21 मई को आदेश जारी किए गए हैं, जो दोषपूर्ण हैं। पंजाब की तर्ज पर लाभ जनवरी, 2006 से दिए जाएं।
उत्तराखंड व किन्नौर के बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद जुटाने बारे भी चरचा की गई। सभी पेंशनर्स अपनी सामर्थ्य के अनुरूप सहायता राशि संघ के नुमाइंदों को सौंपेंगे। जिला स्तर पर एक लाख रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पेंशनर्स जीवन प्रमाण पत्र 20 अगस्त तक कोषागार कार्यालय में जमा करा दें ताकि उन्हें पेंशन मिलने में कोई दिक्कत न हो। प्रशासन से आग्रह किया गया कि शहर में लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते जा रहे लावारिस मवेशियों को पकड़कर गौ सदनों में भेजा जाए। बैठक में संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेके नड्डा, जिला महासचिव जगदीश दिनेश व सदर इकाई के महासचिव डा. उपेंद्र गौतम के साथ ही बीआर शर्मा, रविंद्र भट्टा, ओपी गर्ग, महेंद्र बख्शी, सदाराम कौंडल, केश पठानिया, प्रेमलाल मिश्रा, रामलाल चंदेल, कुलदीप ठाकुर, मनशाराम, श्यामलाल, रामलाल पुंडीर व नंदलाल राही आदि ने भाग लिया।
