
बिलासपुर। बिलासपुर शहर के मुख्य बस अड्डे की हालत किसी से छुपी नहीं है। बसों के बस स्टैंड में प्रवेश करते ही यहां यात्रियों को हिचकोले खाने के लिए विवश होना पड़ता है। बस स्टैंड का मैदान बुरी तरह से उखड़ गया है। जगह-जगह पडे़ गड्ढों से बसों को भी नुकसान हो रहा है। वर्षों पहले बना भवन भी खराब हो चुका है। हालात यह है कि यहां पर सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। जगह-जगह पड़ी गंदगी से यहां कई बार दुर्गंध फैली रहती है।
बिलासपुर में बस स्टैंड की हालत खस्ता हो गई है। निजी बसों और एचआरटीसी की दर्जनों बसें यहां खड़ी होती है। निजी बसों से फीस तो वसूली जा रही है, लेकिन मैदान जस का तस बना हुआ है। मैदान में बिछाई गई कंकरीट जगह-जगह से उखड़ गई है। जहां बसे अकसर हिचकोले खाती है। बस स्टैंड के किनारों में बनी नालियां जाम होने से यहां दुर्गंध फैली रहती है। उधर, बस स्टैंड का भवन भी खस्ताहालत में है। खिड़कियों से सटे क्षेत्र में झाड़ियां उग आई हैं। वर्षों से इस भवन की मरम्मत नहीं हो पाई। विवेक कुमार, राजीव ठाकुर, विजय कुमार, अनिल और देवेंद्र ने कहा कि बस स्टैंड की हालत खस्ता है। देश-विदेश से आने वाले सैलानी इसी बस स्टैंड से होकर जाते हैं। जहां-तहां फैली गंदगी रहती है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक योग राज ठाकुर ने कहा कि नए बस स्टैंड निर्माण की प्रस्ताव आला अधिकारियों को भेजी गई है। जहां तक सफाई व्यवस्था की बात है तो इस बारे निर्देश दिए जाएंगे।
