
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। लोकसभा सांसद डा. राजन सुशांत ने कहा है कि देश की जनता राजनीतिक दलों की नीतियों का परिणाम भुगत रही है। सियासी पार्टियों की अपने हित के लिए बनाई नीतियां देश को मजबूत करने की बजाय खोखला कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की भीतरी परिस्थितियां ठीक नहीं हैं। राजनीतिक दलों में मैनेजमेंट हावी हो गई है। जबकि जनता के हित के बारे में सोचने वाले नेताओं का अकाल हो गया है। नित नए स्कैंडल सामने आ रहे हैं। आज देश को संस्कार व त्याग के रास्ते पर चलने वाले नेताओं की दरकार है।
उन्होंने राजनीतिक दलों को आरटीआई के दायरे में आने, राइट टू रिकॉल व राइट टू रिजेक्ट को कबूल करने की भी जोरदार वकालत की। नगरोटा बगवां में रविवार को सेवा भारती के एक कार्यक्रम के बतौर मुख्यातिथि पहुंचे डा. राजन सुशांत ने देश के हालात पर चिंता जताई। उन्होंने देश की सीमाओं पर चीन की ओर से आज बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि चीन सीमा पर अति आधुनिक इंफ्र ास्ट्रक्चर खड़ा करके एक बड़े खतरे के रूप में सामने आ गया है तथा अनुकूल परिस्थितियां पाते ही वह कभी भी कोई दुस्साहस कर सकता है। इससे हिमाचल प्रदेश भी अछूता नहीं है। इस मौके पर डा. सुशांत द्वारा सेवा भारती को प्रदान किए गए रोगी वाहन का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने सेवा भारती नगरोटा बगवां इकाई द्वारा इस रोगी वाहन को बिना लाभ-हानि के चलाने की घोषणा का स्वागत किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसडीएम अजीत भारद्वाज बतौर कार्यक्रम अध्यक्ष उपस्थित हुए। जबकि इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष हिमांद्री सोनी, डीएसपी अशोक वर्मा, बीएमओ डा. विनोद चौधरी, सेवा भारती के जिला अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, नगरोटा इकाई अध्यक्ष कुलदीप गुलेरिया, सचिव संतोष सोनी, घनश्याम वर्मा, बलराम पुरी, नगरोटा भाजपा मंडल अध्यक्ष डा. नरेश बिरमानी, गंगा राम तेजा, सुशीला भाटिया, कबीर कपूर, सरदार ज्ञान सिंह व अन्य कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
