
आनी (कुल्लू)। आनी अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते यहां आने वाले मरीजों को भारी दिक्कत हो रही है। इस अस्पताल में न तो गायनी विशेषज्ञ है और न ही बाल विशेषज्ञ का पद सृजित किया गया है। इसके चलते मरीजों का मर्ज घटने के बजाय और बढ़ रहा है। अस्पताल में
आनी खंड की बत्तीस पंचायतों के अलावा निरमंड, मंडी और शिमला के कुछ क्षेत्राें के लोग यहां उपचार करवाने पहुंचते हैं, लेकिन बिना विशेषज्ञ डॉक्टर यहां से शिमला या कुल्लू के लिए मरीज रेफर किए जा रहे हैं। पदों को सृजित करने का मामला कई बार सरकार के समक्ष भी उठाया गया, लेकिन अभी तक लोगों की यह बरसों पुरानी मांग पूरी नहीं हो पाई है। इतना ही नहीं, आनी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन तो सरकार ने दे रखी है, लेकिन इसेेचलाने वाले का पद अभी तक सृजित नहीं किया गया है। इसके चलते मरीजों को निजी संस्थानों में जाकर मोटी रकम खर्च कर अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जनता ने सरकार से मांग उठाई है कि इन पदों को जल्द भरा जाए। आनी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम ठाकुर का कहना है कि इन पदों का होना आनी अस्पताल में आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस ने इन पदों को सृजित करने के बारे में प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा है और इसके बारे में वह प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी जल्द मुलाकात करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि जल्द उनकी मांग पूरी हो जाएगी।
