
लोहाघाट। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश चंद्रा ने पंचेश्वर घाटी समेत पाटी, बाराकोट ब्लाकों में हालिया बरसात से विभागीय संपत्ति को हुई क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न चिकित्सालयों, एएनएम केंद्रों, का निरीक्षण कर वहां की समस्याओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले के विभिन्न स्थानों से स्वास्थ्य विभाग की संपत्ति को लगभग 60 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान किया गया है। उन्होंने भ्रमण के दौरान 108 सेवाओं के विस्तार बिंदुओं का भी अध्ययन किया। साथ ही लोनिवि अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र यातायात के लिए खोलने का प्रयास करें, जिससे गर्भवती महिलाओं और अन्य लोगों को आपात चिकित्सा सेवा दी जा सके।
सीएमओ के अनुसार दिल्ली से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों के जनपद में आने से रोगियाें को काफी राहत मिल रही है। लोहाघाट के राजकीय चिकित्सालय में दो फिजीशियन और एक बाल रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि चंपावत सीएचसी में एक महिला रोग विशेषज्ञ और एक बाल रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय में एक फिजीशियन और एक निश्चेतक की सेवाएं ली जा रही हैं।
