
काशीपुर। एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते अपने पड़ोसी युवक के सिर पर लाठी से प्रहार कर हत्या कर दी। मरने वाला सांसद केसी सिंह बाबा की कोठी पर अंशकालिक रूप से माली का काम करता था। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी नन्हे उर्फ विपिन कुमार मूल रूप से ग्राम पसियापुरा थाना स्वार (रामपुर) का निवासी है। वह शिवांगी कालोनी में मृतक के मकान के ही पीछे किराए के कमरे में रहता है।
शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे शिवांगी कालोनी निवासी ओमप्रकाश महतो (33) पुत्र सीताराम महतो की उसके पड़ोसी टेंपो चालक नन्हे पुत्र धर्म सिंह ने लाठी से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। इसी दौरान मृतक की पुत्री पूजा (10) स्कूल से घर आ गई। उसने नन्हे को अपने पिता के सिर पर प्रहार करते देख लिया और चुपचाप मोबाइल से अपनी माता सुनीता को फोन किया। सुनीता पास में ही शिवांगी क्राफ्ट्स में नौकरी करती है। जब वह घर पहुंची तो तब तक हत्यारा लहूलुहान ओमप्रकाश को घसीट कर दूसरे कमरे में ले जा रहा था। सुनीता को देखकर वह भाग गया। सुनीता ने पति के जीवित होने की उम्मीद में आपात एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। हत्या की सनसनीखेज खबर से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाल डीसी ढौंडियाल, एसएसआई धीरेंद्र कुमार, हल्का निरीक्षक एफएस रावत घटना स्थल पर पहुंचे और पूछताछ की।
मृतक की पत्नी सुनीता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कर कहा कि दो साल पहले उसके पति का नन्हे से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। नन्हे तभी से रंजिश रखता था। दिन में जब उसका पति घर पर अकेला सोया था, तब नन्हे ने उसके सिर पर लाठी से प्रहार कर सिर फोड़ दिया। कोतवाल डीसी ढौंडियाल ने बताया कि हत्यारे को हिरासत में लेकर कारणों की जांच की जा रही है।
