
नई दिल्ली। राजधानी के कूड़ा निपटान के लिए डीडीए ने दो लैंडफिल साइटों की पहचान कर अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीडीए ने गाजीपुर व सुल्तानपुर डबास में साइटों की पहचान की है। यह जानकारी शुक्रवार को डीडीए ने दिल्ली हाईकोर्ट को दी। जस्टिस जीएस सिस्तानी के समक्ष डीडीए ने कहा कि कूड़ा डालने के लिए लैंडफिल साइटों की पहचान का काम पूरा हो गया है। हाईकोर्ट ने डीडीए को अपनी रिपोर्ट लैंडफिल साइट विवाद को लेकर गठित की गई विशेष कमेटी के सामने पेश करने के लिए कहा है। मामले की सुनवाई के लिए हाईकोर्ट ने दो अगस्त 2013 की तारीख तय की है। बता दें कि राजधानी में कूड़ा डालने के लिए मौजूद समय में तीन स्थानों गाजीपुर, ओखला और जीटी रोड पर मुकरबा चौक के पास लैंडफिल साइट हैं। इन तीनों स्थानों पर कूड़े की अधिकता के कारण दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यहां पर कूड़ा डालने पर रोक लगा दी थी और नई लैंडफिल साइट बनाए जाने के लिए कहा था। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए साल 2010 में नगर निगम, डीडीए और दिल्ली सरकार को चार नई लैंडफिल साइट तलाशने के निर्देश दिये थे। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट को मामले की सुनवाई का निर्देश दिया था।
