एमबीए व बीटेक डिग्री होल्डर बन रहे सिपाही

नई दिल्ली। इसे नौकरियों की कमी कहें या फिर पुलिस में भर्ती होने की हसरत। शुक्रवार शाम दिल्ली पुलिस की पासिंग आउट परेड के बाद बीटेक, एमबीए और बीएसई डिग्री होल्डर कई युवा दिल्ली पुलिस में शामिल हो गए। इनमें से करीब 968 युवकों के पास अच्छी व प्रोफेशनल डिग्रियां हैं। पासिंग आउट परेड की सैल्यूट लेने वाले दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने कहा कि पुलिसकर्मियों की न कोई जाति होती और न ही कोई धर्म। पुलिसकर्मियों को लोगों की निष्पक्ष भाव से सेवा करनी चाहिए। सिपाहियों के 96वें और महिला सिपाहियों के 97वें बैच ने ट्रेनिंग पूरी की। 2339 सिपाही और 37 महिला सिपाही दिल्ली पुलिस में शामिल हुईं। दिल्ली पुलिस का हिस्सा बने युवाओं में से दो ने एमएससी, 27 ने एमए, 10 ने एमकॉम, एक ने एमबीए, सात ने बीटेक, 21 ने बीएड, 35 ने बीएससी, 20 ने बीकॉम, 32 ने बीसीए, 22 ने बीबीए की डिग्री ले रखी है। 791 युवाओं ने ग्रेजुएशन किया है, जबकि 1372 12वीं उत्तीर्ण हैं। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उपराज्यपाल नजीब जंग ने कहा कि दिल्ली पुलिस की ट्रेनिंग को देखकर उन्हें वो दिन याद आ गए, जब वह 41 वर्ष पहले माउंट आबू में आईपीएस की ट्रेनिंग ले रहे थे। उस समय जंगलों से लकड़ी काटकर लानी पड़ती थी। अब काफी संसाधन आ गए हैं। पुलिस की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए पुलिसकर्मियों को आगे आना चाहिए। दिल्ली को आतंकवाद से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस को कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सिपाहियों को कमांडो ट्रेनिंग देने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने पुलिस को महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील होने की बात की भी कही।
—-
सबसे ज्यादा हरियाणा के युवक भर्ती हुए
दिल्ली पुलिस की सिपाही भर्ती में सभी राज्यों के युवा भर्ती हुए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा हरियाणा के 791, राजस्थान के 744, यूपी के 550, दिल्ली के 244, उत्तराखंड के चार और पंजाब व केरल के दो-दो, बिहार के तीन और हिमाचल प्रदेश का एक युवा दिल्ली में भर्ती हुआ।

उपराज्यपाल ने ट्रॉफी दी
उपराज्यपाल ने सिपाही ट्रेनिंग में प्रथम आए युवाओं को ट्रॉफी देकर प्रोत्साहित किया। आल राउंडर प्रदर्शन के लिए महिला सिपाही मीनू, फस्ट लॉ के लिए प्रीतम सिंह, फस्ट परेड के लिए रविंद्र, फायरिंग में आशीष व प्रशांत सोलंकी और पीटी में रितेश कुमार को ट्रॉफी दी गई।

Related posts