
नई दिल्ली। महेंद्र पार्क इलाके में गत वर्ष कैश वैन से 51 लाख रुपये लूटने के आरोप में स्पेशल स्टाफ ने ओमपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी कंझावला इलाके का घोषित बदमाश है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त ने अप्रैल में एक लाख का इनाम घोषित किया था। घटना के बाद पुलिस ने ओमपाल की पत्नी को गिरफ्तार कर 47 लाख रुपये बरामद कर लिए थे। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त पी. करुणाकरन ने बताया कि घटना के बाद पता चला कि ओमपाल मुंबई और गुजरात भाग गया है। पुलिस तलाश में जुटी रही लेकिन वह नहीं मिला। इस बीच स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक श्याम सुंदर को सूचना मिली कि ओमपाल अपनी बहन से मिलने हैदरपुर आने वाला है। इस पर टीम ने दबिश देकर वहां से ओमपाल को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कैश वैन में लूटने की योजना उसने काफी पहले ही बना ली थी। इसके लिए सबसे पहले मारुति ईको वैन खरीदी। वैन को कंपनी लोगी कैश सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में किराए पर लगवाया। कंपनी दिल्ली में एटीएम में कैश भरने का काम करती थी।
