पीएनबी का एटीएम तोड़ने का प्रयास

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल मुख्यालय से दो किमी दूर बरच्छवाड़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया। चोर मशीन की बगल का एक हिस्सा ही तोड़ पाए। प्रारंभिक जांच में एटीएम से पैसा चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर तहकीकात शुरू कर दी है।
पंजाब नेशनल बैंक का यह एटीएम बरच्छवाड़ स्थित सरकाघाट-घुमारवीं सड़क के किनारे पर है। यहां बैंक की शाखा भी है, लेकिन एटीएम शाखा कार्यालय से करीब 50 मीटर दूर है। गत रात्रि चोरों ने लूट के मकसद से एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया, मगर कामयाबी नहीं मिली। घटना का पता शुक्रवार सुबह चला। उपभोक्ता जब एटीएम से पैसा निकालने के लिए बूथ में प्रविष्ट हुए तो अंदर मशीन का किनारा टूटा हुआ था। उपभोक्ताओं ने ही घटना की बैंक शाखा को सूचना दी। इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक तथा पुलिस ने एटीएम का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में एटीएम से पैसा चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा बैंक अधिकारियों केसाथ मिलकर एटीएम में रखी गई रकम की सही जानकारी ली जा रही है। पुलिस इस वारदात में संलिप्त आरोपियाें को पकड़ने के लिए एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अध्ययन भी करने की बात कर रही है।
घटना की पुष्टि करते हुए एसएचओ सरकाघाट वीरेंद्र जसवाल ने बताया कि चोरों ने लूट के मकसद से ही एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। सीसीटीवी की फुटेज का अध्ययन किया जाएगा। पुलिस ने भादसं की धारा 380, 511 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, छानबीन जारी है। उधर, बैंक प्रबंधक बलदेव भारद्वाज ने बताया कि घटना की मुख्य प्रबंधक को भी सूचना दे दी गई है।

Related posts