भाभी ने देवर पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप

सरकाघाट (मंडी)। हटली क्षेत्र के नगरोटा में भाभी ने अपने देवर के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है, जबकि आरोपी देवर शिक्षक है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादसं की धारा 354, 504, 34 बी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि वह घर के पास लगे हैंडपंप से पानी लाने जा रही थी। उसका देवर शशि शर्मा उस समय रास्ते के पास ही एक गड्ढा खोद रहा था। पुलिस के मुताबिक महिला ने उसे सरकारी जमीन पर गड्ढा खोदने से रोकने की कोशिश की थी। इसके पश्चात वह उसके साथ गुत्थमगुत्था हो गया। इस बीच पीड़िता के कपड़े भी फट गए। आरोपी की पत्नी भी वहां पहुंच गई, जिसने अपने पति का पक्ष लिया। आरोपी की पत्नी भी शिक्षिका है। दोनाें पक्षों में गाली-गलौज तथा हाथापाई भी हुई है। आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करवाया। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि महिला ने देवर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। दोनाें पक्षों में गाली-गलौज तथा हाथापाई हुई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts